Durg Illegal Weapons Delivery Case : दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत की गई, जिसमें ऑनलाइन माध्यम से अवैध आयुध आपूर्ति पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को ग्राम पुरई में लावन्य उर्फ लवन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर तोषण यादव एवं अन्य व्यक्तियों पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। मामले में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 118(1), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि घटना में प्रयुक्त प्रतिबंधित धारदार हथियार Meesho ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था। उक्त पार्सल 3 जनवरी 2026 को उतई स्थित वाल्मो कूरियर एजेंसी द्वारा संबंधित आरोपी को डिलीवर किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कूरियर एजेंसी संचालक को पार्सल में प्रतिबंधित सामग्री होने की जानकारी थी, बावजूद इसके डिलीवरी कर्मचारी के माध्यम से पार्सल सुपुर्द कर ₹245 नगद प्राप्त किए गए।
उक्त कृत्य को धारा 25(1)(A) एवं 25(3) आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर आरोपी रोशन सिंह राजपूत (31 वर्ष), निवासी बजरंग नगर उतई तथा तामेश उर्फ तामेश्वर साहू (23 वर्ष), निवासी बजरंग नगर उतई को 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने कूरियर एजेंसी संचालन से संबंधित दस्तावेज, पार्सल डिलीवरी रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख जब्त किए हैं। थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म संचालकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध सामग्री का विक्रय अथवा डिलीवरी न करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

