Durg Online Challan News: दुर्ग में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) का सहारा लिया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर लगाए गए कैमरे 24 घंटे वाहन चालकों की निगरानी कर रहे हैं। इन कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले चालकों पर मौके पर रोके बिना ही ई-चालान जारी किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक 8926 से अधिक ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमैटिक और प्रमाण आधारित होती है, जिससे किसी तरह की गड़बड़ी या पक्षपात की गुंजाइश नहीं रहती। कैमरे वाहन का नंबर रिकॉर्ड करते हैं और चालान सीधे वाहन मालिक के पते और मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाता है।
ITMS कैमरे हर मूवमेंट रिकॉर्ड करते हैं, जिससे लोग चेकिंग देखकर रास्ता बदलने या भागने की कोशिश करने के बावजूद पकड़ में आ सकते हैं। विशेष रूप से बिना हेलमेट गाड़ी चलाना, तीन सवारी बैठाना, गलत दिशा में वाहन चलाना और अन्य ट्रैफिक उल्लंघनों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।
यातायात पुलिस का कहना है कि ITMS के आने से ट्रैफिक नियंत्रण पहले से आसान हो गया है और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अब अधिक व्यवस्थित और सुचारू हो रही है। पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सही दिशा में वाहन चलाने जैसी सुरक्षा नियमों का पालन करने की भी अपील की है।

