विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना वर्ल्ड कप 2027 तो…पूर्व कप्तान की अगरकर, गंभीर को नसीहत

विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना वर्ल्ड कप 2027 तो…पूर्व कप्तान की अगरकर, गंभीर को नसीहत

विराट कोहली और रोहित शर्मा के ओडीआई फ्यूचर को लेकर तमाम तरह की बातें हो रही थीं। जब से दोनों ने टी20 इंटरनेशनल के बाद टेस्ट को भी अलविदा कहा, जबसे रोहित शर्मा को वनडे कप्तानी से हटाया गया, तब से ही तमाम तरह के सवाल उठ रहे थे। वनडे टीम में दोनों दिग्गजों की जगह बनती है या नहीं, इसे लेकर बहस चल रही थी। 2027 के वर्ल्ड के लिए वे टीम मैनेजमेंट के प्लान में हैं भी या नहीं, इस पर कयास लगते रहे हैं। तमाम सवालों के बीच दोनों दिग्गजों ने बल्ले से जवाब दिया है। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन और बीसीसीआई के पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णचारी श्रीकांत ने गौतम गंभीर और अजीत अगरकर समेत टीम मैनेजमेंट के लिए नसीहत दी है। उन्होंने दो टूक कहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के बगौर अगले वनडे विश्व कप का कोई रोडमैप ही नहीं हो सकता।

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को 2027 के वनडे वर्ल्ड कप का प्लान भारत के इन दोनों दिग्गजों रोहित शर्मा और विराट कोहली के ईर्द-गिर्द बुनने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोनों को टीम के दीर्घकालिक रणनीति का केंद्र में बनाए रखना होगा।

पूर्व कप्तान ने कहा, ‘कोहली और रोहित एक अलग ही लेवल पर खेल रहे हैं। इन दोनों के बिना 2027 वर्ल्ड का प्लान नहीं बन पाएगा। आपको रोहित की एक छोर पर और विराट की दूसरे छोर पर जरूरत है। इस पर कोई सवाल नहीं पूछा जाना चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘उसने (विराट कोहली) एक इंटरव्यू में कहा था कि 2013 से वह और रोहित स्कोर बनाया करते हैं और विपक्ष को दबाव में लाते हैं। अगर आप इसे देखेंगे, अगर रोहित और कोहली 20 ओवर तक बल्लेबाजी कर दिए तो विपक्षी खेल से बाहर हो जाते हैं। आज भी वही हुआ। उन्होंने उन्हें अपनी बैटिंग से बाहर ही कर दिया। हां, दक्षिण अफ्रीका ने भी शानदार जज्बा दिखाया लेकिन उनकी साझेदारी ने जिता दिया।’

श्रीकांत ने कहा, ‘ये सिर्फ रन नहीं हैं। उन्होंने बहुत ही कड़ी मेहनत (फिटनेस पर) की है। विराट और रोहित सिर्फ एक फॉर्मेट में खेल रहे हैं। जब आप सिर्फ एक फॉर्मेट में खेल रहे होते हैं तब अपने माइंडसेट के इस तरह बरकरार रखना आसान नहीं होता।’

पूर्व कप्तान ने कहा कि वर्ल्ड कप की टीम में इन दोनों दिग्गजों को होना ही चाहिए। उन्होंने कहा, ‘जहां जक मेरी बात है तो उन्होंने 2027 वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर ली है। नंबर 1 और नंबर 3 के स्लॉट भर चुके हैं। हम उनके बिना नहीं जीत सकते।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए वनडे में विराट कोहली ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 120 गेंदों में 135 रन की जबरदस्त पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 7 छक्के जड़े। रोहित शर्मा ने भी शानदार अर्धशतक लगाया। 51 गेंद में 57 रन की पारी में रोहित ने 5 चौके और 3 छक्के जड़े। इसके साथ ही वह वनडे में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी की। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बाद में हर्षित राणा और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने ये मैच 17 रन से अपने नाम किया।


Related Articles