रायपुर में हेल्थ सुविधाओं को मजबूती, आईडीबीआई बैंक ने सीएसआर के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भेंट किए आधुनिक उपकरण

रायपुर में हेल्थ सुविधाओं को मजबूती, आईडीबीआई बैंक ने सीएसआर के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भेंट किए आधुनिक उपकरण

रायपुर। शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को आईडीबीआई बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उन्नत चिकित्सा उपकरण भेंट किए गए। इन उपकरणों का लोकार्पण स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। कार्यक्रम में रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. पाम बोई तथा आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आईडीबीआई बैंक की सहायक महाप्रबंधक आकांक्षा यदु ने किया। अतिथियों का स्वागत आशीष त्रिपाठी द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने आम जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि इस दिशा में सरकार के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों और समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए सरकार के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। साथ ही उन्होंने नए अस्पतालों की स्थापना एवं मौजूदा अस्पतालों के उन्नयन व आधुनिकीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने भी अपने विचार रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐसे सहयोग को सराहनीय बताया।

आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक आशीष त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बैंक द्वारा सरकारी अस्पतालों एवं स्कूलों के लिए संचालित सीएसआर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि आईडीबीआई बैंक राज्य के जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य लगातार कर रहा है।

त्रिपाठी ने कहा कि बैंक न केवल बड़े स्तर पर बल्कि स्थानीय स्तर पर भी समाज कल्याण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आईडीबीआई बैंक प्रदेश और देश के विकास तथा समाज कल्याण के लिए अपने योगदान को निरंतर जारी रखेगा।

Read More : चिकन बनाने को लेकर झगड़ा, पत्नी की हत्या कर बताया आत्महत्या, पीएम रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद आरोपी गिरफ्तार


Related Articles