Kawardha Crime News: कवर्धा: जिले के सिंघनपुरी जंगल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेण्ड्रानवांगांव में एक घरेलू विवाद खून-खराबे में बदल गया, जहां पति मंगल सिंह बैगा (30 वर्ष) ने अपनी पत्नी दशमत बाई बैगा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप ले लिया और गुस्से में आरोपी ने घर में रखे टंगिया से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए लोहारा स्थित मर्चूरी भेजा।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि वह काम से घर लौटा था और खाना मांगने पर पत्नी से विवाद हो गया, जिससे गुस्से में उसने हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया।

