Korba Accident News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
टक्कर के बाद बाइक के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। चैतमा के पास तेज रफ्तार कार से बाइक की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे, जिनमें एक महिला मरीज भी शामिल थी। कार सवार रायपुर से इलाज कराने के बाद मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चैतमा के पास उनकी कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई।
सड़क पर बिखरे बाइक के टुकड़े
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसके टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

