हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर गिरफ्तार, 6 साल पुराने केस में रायपुर पुलिस ने पकड़ा, मारपीट-रंगदारी का केस भी पहले से है दर्ज

हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर गिरफ्तार, 6 साल पुराने केस में रायपुर पुलिस ने पकड़ा, मारपीट-रंगदारी का केस भी पहले से है दर्ज

Rohit Tomar Arrest News रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को एक बार फिर गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने वर्ष 2019 के एक पुराने मामले में न्यायालय से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए उसे शनिवार को पकड़कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। हालांकि सोमवार को आरोपी को जमानत मिल गई।

पुलिस के अनुसार रोहित तोमर लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 327, 384 और 506 सहित कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में मारपीट, जान से मारने की धमकी, जबरन वसूली और मानसिक प्रताड़ना जैसे आरोप शामिल हैं। कोतवाली पुलिस वारंट के आधार पर उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

तेलीबांधा थाना में दर्ज एक मारपीट के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है। बताया जा रहा है कि इस केस में छह महीने से अधिक समय तक फरार रहने के बाद आरोपी कोर्ट से आदेश लेकर रायपुर पहुंचा था, जिसके चलते उस मामले में उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई। हालांकि कोतवाली थाना में दर्ज प्रकरण में वह फरार था, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

रोहित तोमर के खिलाफ पहले भी आधा दर्जन से अधिक बार पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। चर्चित हाईपर क्लब गोलीकांड मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पैदल जुलूस निकालते हुए जेल भेजा था। इसके बाद वर्ष 2025 में एक अन्य मारपीट प्रकरण में भी वह छह महीने तक फरार रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज अन्य मामलों में भी विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।

Read More : रायपुर में सात दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण का शुभारंभ, युवाओं को नियमित योग अपनाने की प्रेरणा


Related Articles