Surajpur Crime News सूरजपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चार माह के मासूम की हत्या के आरोप में उसकी ही मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चौकी सलका उमेश्वरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला चिकित्सालय के सिक्योरिटी गार्ड सूचक चंदलाल द्वारा 25 मार्च 2026 को पुलिस सहायता केंद्र में मृतक शिशु हंसराज की मौत के संबंध में अस्पताली मेमो प्रस्तुत किया गया था। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत शून्य में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और घटना स्थल ग्राम जयपुर, चौकी सलका उमेश्वरपुर क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी वहां अग्रिम जांच के लिए भेजी गई, जहां मर्ग क्रमांक 21/26 दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशांत कुमार ठाकुर ने जांच को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का सूक्ष्म परीक्षण किया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि 25 मार्च की सुबह आरोपी मां बृंदावती अपने चार माह के पुत्र हंसराज को गोद में लिए हुए थी, जो लगातार रो रहा था। इसी दौरान उसका पति सूनसाय पास ही खड़ा होकर बातचीत कर रहा था।
बताया गया कि बच्चे के रोने से आक्रोशित होकर आरोपी मां ने जानबूझकर शिशु को जमीन पर जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद बच्चे को तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया है।
पुलिस जांच में घटना की पुष्टि होने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 39/2026 दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी महिला बृंदावती, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम जयपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि बच्चे के लगातार रोने पर वह अत्यधिक गुस्से में आ गई और उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने 31 मार्च 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी संजय सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

