राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह राज्य जीएसटी विभाग ने भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। विभाग की टीम लक्ष्मी कमर्शियल और एसआरएस ट्रेडर्स नामक फर्मों में एक साथ जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार करीब 10 अधिकारियों की टीम इस कार्रवाई में शामिल है, जो दोनों फर्मों के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि विभाग को इन फर्मों के खिलाफ लंबे समय से जीएसटी चोरी और फर्जी बिलिंग की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर गुरुवार सुबह यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मौके से बड़ी संख्या में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डेटा जब्त किया है, जिनकी अब गहन जांच की जा रही है।
जांच के दौरान टीम को कई संदिग्ध बिल और ट्रांजेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं, जिससे बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है। जब्त किए गए सभी दस्तावेजों और डिजिटल डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि पूरे नेटवर्क और संभावित अनियमितताओं का खुलासा किया जा सके।
फिलहाल विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

