Green Leaf Award रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को एक बड़ी उपलब्धि मिली है। जशपुर स्थित सरना एथनिक रिसॉर्ट को वर्ष 2025-26 के लिए प्रतिष्ठित ग्रीन लीफ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार रिसॉर्ट परिसर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के मानकों के सफल अनुपालन के लिए प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य को प्रदान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा भी उपस्थित रहे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान बोर्ड की निरंतर मेहनत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सतत पर्यटन विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ तेजी से राष्ट्रीय पहचान बना रहा है।
ग्रीन लीफ अवॉर्ड भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय एवं पर्यटन मंत्रालय द्वारा संचालित स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग प्रणाली के अंतर्गत दिया जाता है। यह पुरस्कार उन पर्यटन इकाइयों को प्रदान किया जाता है, जो उच्च स्वच्छता मानकों, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता तथा पर्यावरणीय दिशानिर्देशों का प्रभावी पालन करती हैं।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित इको-फ्रेंडली रिसॉर्ट्स और पर्यटन परियोजनाओं से राज्य में पर्यटन को नई दिशा मिली है। सरना एथनिक रिसॉर्ट को मिला यह सम्मान प्रदेश में सतत पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

