Chhattisgarh News: जीपीएम में पीएम आवास और खरीफ तैयारियों की समीक्षा, सीईओ ने आवास निर्माण में तेजी के दिए निर्देश

Chhattisgarh News: जीपीएम में पीएम आवास और खरीफ तैयारियों की समीक्षा, सीईओ ने आवास निर्माण में तेजी के दिए निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकेश रावटे ने गुरुवार को गौरेला विकासखंड की ग्राम पंचायत भदौरा और सधवानी का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन और अब तक शुरू नहीं हुए आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीईओ रावटे ने कहा कि जिन हितग्राहियों के आवासों का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और जनपद पंचायत के अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने हाई स्कूल सधवानी का भी दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, पढ़ाई की व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

खरीफ सीजन के लिए बीज और उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता

इस बीच कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ वर्ष 2026 के लिए जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था की गई है। सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 4,656.50 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है। इनमें से 3,649.42 क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 1,007.08 क्विंटल बीज का स्टॉक अभी भी उपलब्ध है।

कृषि विभाग बीज की उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी कर रहा है। किसानों से केवल अधिकृत विक्रय केंद्रों से प्रमाणित बीज खरीदने की अपील की गई है, ताकि बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

उर्वरक का भी पर्याप्त स्टॉक

जिले में खरीफ सीजन के लिए 5,201.42 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इनमें से 2,800.87 टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 2,400.56 टन उर्वरक का स्टॉक उपलब्ध है।

कृषि विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। विभाग सहकारी समितियों और अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसानों को खाद उपलब्ध करा रहा है।

किसानों से समय पर खेती करने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार समय रहते अधिकृत केंद्रों से बीज और उर्वरक प्राप्त करें तथा खरीफ फसलों की बुवाई और अन्य कृषि कार्य समय पर पूरा कर बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करें।


Related Articles