CG Patan News: पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सेवा ही संगठन” के संकल्प के तहत चल रहे “गांव चलो–घर चलो अभियान” के अंतर्गत पाटन मंडल के ग्राम करसा में जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कड़ी धूप के बावजूद कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जनसंपर्क अभियान चलाया और ग्रामीणों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। साथ ही उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री सुरेंद्र साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
इस अभियान में जनपद पंचायत पाटन के सभापति प्रणव शर्मा, एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष पवन ठाकुर, मंडल अध्यक्ष श्रीमती रानी बंछोर, केशव बंछोर, दुर्बासा साहू, रवि साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे निरंतर गांव-गांव जाकर योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।

