Chhattisgarh Gariaband News : गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूल परिसर में शराब पार्टी करने वाले दो शिक्षकों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर शराब पीते और चखना करते नजर आए। इस दौरान स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे, जबकि पढ़ाई प्रभावित होती दिखाई दी।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। इसके बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

