महासमुंद में पिकअप से 1.25 करोड़ का गांजा पकड़ाया, ओडिशा से ले जा रहे थे यूपी, 6 अरेस्ट

महासमुंद में पिकअप से 1.25 करोड़ का गांजा पकड़ाया, ओडिशा से ले जा रहे थे यूपी, 6 अरेस्ट

Mahasamund Ganja Seizure News महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। यह गांजा ओडिशा के संबलपुर जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार तस्कर गांजे को छिपाने के लिए पिकअप वाहन में तरबूज लोड कर उसके नीचे बोरियों में गांजा रखे हुए थे। इसके साथ ही सुरक्षा के लिए एक कार भी आगे-आगे चल रही थी, जिसमें 4 लोग सवार थे और रास्ते की निगरानी कर रहे थे ताकि पुलिस की सूचना मिलते ही पिकअप को अलर्ट किया जा सके।

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप और उसके आगे चल रही कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तरबूज के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

तलाशी के दौरान पिकअप से 9 बोरियों में भरा हुआ 2 क्विंटल 25 किलो गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को जब्त कर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात कबूल की है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में गांजा, पिकअप वाहन, एक हुंडई कार और 6 मोबाइल फोन समेत कुल लगभग 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Related Articles