Green Army Cleanliness Campaign रायपुरा क्षेत्र में ग्रीन आर्मी रायपुरा जोन द्वारा गदही तालाब में चलाया जा रहा सफाई अभियान लगातार सफलता की नई मिसाल पेश कर रहा है। 5 अप्रैल 2026 को यह अभियान सात सप्ताह पूर्ण कर चुका है और अब इसका सकारात्मक प्रभाव साफ तौर पर नजर आने लगा है। जहां पहले तालाब के आसपास गंदगी, प्लास्टिक, शराब की बोतलें और कचरे का अंबार लगा रहता था, वहीं अब यह क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और लोगों के उपयोग के योग्य बन चुका है।
इस अभियान के चलते गदही तालाब के आसपास का माहौल पूरी तरह बदल गया है। अब यहां सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए पहुंच रहे हैं और परिवार के साथ सुरक्षित वातावरण में समय बिता रहे हैं। तालाब की सफाई से पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण और स्थानीय पारिस्थितिकी पर भी सकारात्मक असर पड़ा है।
क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट सिटी के सहयोग से पुनः चालू कराया गया है, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों में वृद्धि हुई है। तालाब से जुड़ी समस्याओं की जानकारी जोन कमिश्नर और स्वास्थ्य विभाग को भी दी गई है। आगामी रविवार को गोताखोरों की मदद से तालाब के पानी की विशेष सफाई की जाएगी, जिससे जल की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
इस अभियान में सेंट्रल कोर कमिटी, स्मार्ट सिटी टीम, डीडीयू नगर जोन और नगर निगम का सहयोग उल्लेखनीय रहा है। स्थानीय पार्षद महेंद्र औसर को भी क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया है। महिला शक्ति, बच्चों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है।
ग्रीन आर्मी रायपुरा जोन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता लाने का प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल से जुड़कर अपने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में योगदान दें।

