बालोद में सड़क हादसे में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सुखित राम साहू की मौत, स्कूटी से घर लौटते समय विंगर वाहन ने मारी टक्कर

बालोद में सड़क हादसे में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सुखित राम साहू की मौत, स्कूटी से घर लौटते समय विंगर वाहन ने मारी टक्कर

Balod Road Accident Sukhit Ram Sahu बालोद शहर के गंजपारा क्षेत्र में रविवार शाम हुए सड़क हादसे में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष सुखित राम साहू (60 वर्ष) की मौत हो गई। वे वर्ष 1994 में नगर पालिका बालोद के उपाध्यक्ष रह चुके थे और शहर के सर्वोदय मंडल के संरक्षक भी थे। घटना के बाद शहर में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार सुखित राम साहू गंजपारा स्थित एफसीआई गोदाम के पास अपनी दुकान सर्वोदय ऑटो पार्ट्स बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्गा मंदिर के सामने शाम करीब 7:40 बजे एक विंगर वाहन के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे ने बताया कि सुखित राम साहू बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वे हमेशा स्कूटी धीमी गति से चलाते थे और शहर के धार्मिक तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। उनके निधन की खबर से शहर के लोगों में गहरा दुख है।

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शव को फिलहाल मर्च्युरी में रखा गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

सुखित राम साहू की अंतिम यात्रा सोमवार को उनके गृह निवास पांडेय पारा से पांडेयपारा मुक्तिधाम तक निकाली जाएगी।


Related Articles