इंदौर की राजनीति को बड़ा झटका, पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक

इंदौर की राजनीति को बड़ा झटका, पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक

Former MLA Ashwini Joshi Passes Away: इंदौर। मध्य प्रदेश में इंदौर की राजनीति के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार वे पिछले कुछ समय से सांस संबंधी परेशानी और पैरों की बीमारी से जूझ रहे थे तथा उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे हार्ट अटैक आने पर परिजन उन्हें शेल्बी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉ. अजय पारिख और उनकी टीम ने उपचार किया, लेकिन उनका हार्ट रिकवर नहीं कर पाया और उनका निधन हो गया।

अश्विनी जोशी कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री महेश जोशी के भतीजे थे। जोशी परिवार का इंदौर की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रहा है। अश्विनी जोशी इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से तीन बार विधायक रहे और अपनी बेबाक शैली तथा जनता के बीच सक्रियता के लिए पहचाने जाते थे।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। छात्र संघ चुनावों से सक्रिय राजनीति में आए जोशी बाद में कांग्रेस संगठन में मजबूत पहचान बनाने में सफल रहे। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता था। राजनीतिक गलियारों में उन्हें दिग्विजय सिंह के कार्यकाल के दौरान ‘शैडो सीएम’ के रूप में भी चर्चा मिलती रही।

वर्ष 2006 के चर्चित पार्षद गोलीकांड मामले में भी अश्विनी जोशी का नाम सामने आया था। कांग्रेस पार्षद मुन्ना अंसारी ने उन पर गोली चलाने का आरोप लगाया था। हालांकि 18 साल बाद वर्ष 2024 में अदालत ने उन्हें हत्या के प्रयास के मामले में बरी कर दिया था। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि पुलिस यह साबित नहीं कर पाई कि गोली उन्होंने चलाई थी और न ही कोई हथियार बरामद हुआ था।

परिवार के अनुसार अश्विनी जोशी का बेटा फिलहाल विदेश में है। उसके इंदौर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।


Related Articles