हरियाणा महिला कांग्रेस नेता के वायरल वीडियो पर वन मंत्री केदार कश्यप का हमला, बोले– कांग्रेस में योग्यता नहीं, पैसों के दम पर मिलती है टिकट

हरियाणा महिला कांग्रेस नेता के वायरल वीडियो पर वन मंत्री केदार कश्यप का हमला, बोले– कांग्रेस में योग्यता नहीं, पैसों के दम पर मिलती है टिकट

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने हरियाणा महिला कांग्रेस की एक पदाधिकारी और उनके पति का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो ने कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र को एक बार फिर उजागर कर दिया है और यह साबित करता है कि पार्टी में योग्यता और निष्ठा की नहीं, बल्कि टिकटों की सौदेबाजी की संस्कृति हावी है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हरियाणा का यह मामला कोई अपवाद नहीं है, बल्कि कांग्रेस की कार्यप्रणाली का हिस्सा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का ‘मोहब्बत की दुकान’ का नारा अब ‘टिकट की दुकान’ में बदल चुका है। जब महिला कांग्रेस की पदाधिकारी ही टिकट के बदले लेन-देन की बात सार्वजनिक रूप से करती नजर आ रही हैं, तो इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व किस प्रकार के भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने ही नेतृत्व पर टिकट बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी कई दावेदारों ने खुले तौर पर यह आरोप लगाया था कि जमीनी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर पैसे वालों को प्राथमिकता दी गई।

वन मंत्री ने कहा कि जब पार्टी का राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ही वसूली की राजनीति में लगा हो, तो जनता के विकास की उम्मीद करना बेकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीति को व्यापार बना दिया है, जहां टिकट पाने के लिए लाखों-करोड़ों की सौदेबाजी होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो उम्मीदवार पैसे देकर टिकट हासिल करेगा, वह चुनाव जीतने के बाद जनता की सेवा करेगा या अपने निवेश की वसूली करेगा।

कश्यप ने कहा कि हरियाणा का यह वायरल वीडियो कांग्रेस के उस कथित लूटतंत्र की एक और झलक है, जिसे पार्टी देशभर में चला रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस को पहले ही नकार चुकी है और आने वाले समय में अन्य राज्यों की जनता भी इसका जवाब देगी।

Read More : रायपुर में सरकारी अफसर की पत्नी से रेप, स्वर्णभूमि निवासी कारोबारी ने बंधक बनाकर दुष्कर्म किया, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल


Related Articles