Raigarh Crime News रायगढ़। रायगढ़ जिले में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पांच युवकों ने मिलकर दो दोस्तों की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में एक युवक को ईंट और चाकू से गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग समेत पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बोइरदादर निवासी जीशान राजा (18) अपने दोस्त रोशन सिंह के साथ बाइक से कोतरा रोड की ओर गया था। दीपक किराना दुकान के पास रोशन सिंह मोबाइल पर बात करने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान दो नाबालिग वहां पहुंचे और दोनों से पूछताछ करते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चाबी भी निकाल ली।
कुछ देर बाद एक्टिवा से अभिषेक ठाकुर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब दोनों दोस्तों ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो उसने ईंट से रोशन सिंह पर हमला कर दिया। इसके बाद उसके अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों दोस्तों के साथ मारपीट करने लगे। इस हमले में रोशन सिंह के सिर के पीछे, सीने और पेट में धारदार हथियार से गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद जीशान राजा ने घायल रोशन सिंह को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया, जिसके बाद उसे रायगढ़ के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभिषेक ठाकुर, सत्यम महंत और तीन अपचारी बालकों को कोतरा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एक नाबालिग के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिषेक ठाकुर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कोतवाली थाना में लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है और उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
जिले के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि गंभीर अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि हत्या के प्रयास जैसे मामलों में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा रही है और जिले में सक्रिय गुंडा तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

