Fire in Filter Plant Store Room in Durg: दुर्ग। नगर निगम दुर्ग के रायपुर नाका स्थित 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट के स्टोर रूम में आग लग गई। आगजनी की वजह से स्टोर रूप में रखे ब्लीचिंग पाउडर की एक हजार बोरी जलकर राख हो गया। इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये के आसपास बताई गई है। आगजनी की वजह से शनिवार शाम शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति भी बाधित हो गया।
घटना शाम करीब 4.30 बजे के आसपास हुई। शाम को मौसम बदलते ही अंधड़ चलने के साथ ही बूंदाबांदी होने लगी। अंधड़ की वजह से निगम के 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट में बिजली बार-बार ट्रिप हो रही थी।
इस दौरान फिल्टर प्लांट के स्टोर रूम में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। स्टोर रूप में ब्लीचिंग पाउडर की बोरियां सहित अन्य सामान रखा हुआ था। हवा तेज होने के कारण आग ब्लीचिंग पाउडर की बोरियों तक फैल गई और देखते ही देखते स्टोर रूम में तेजी आग की लपटें निकलने लगी।
फिल्टर प्लांट में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल इसकी जानकारी निगम के जलगृह विभाग के अधिकारियों को दी। इस दौरान अग्निशमन विभाग को सूचना देकर मौके पर तत्काल आने कहा गया। कुछ ही देर बाद अग्निशमन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और आग को बुझाने का काम शुरू किया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान महापौर अलका बाघमार, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल, निगम के जलकार्य विभाग प्रभारी लीना दिनेश देवांगन सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। महापौर अलका बाघमार ने बताया कि समय पर आग पर काबू पाने की वजह से बड़ी घटना टल गया। आगजनी की घटना में ब्लीचिंग पाउडर जल गया है।
अन्य नुकसान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि बार-बार बिजली ट्रिप होने की वजह से शार्ट सर्किट हो गया और स्टोर रूम में आग लग गई। आगजनी की वजह से करीब पांच लाख रुपये का ब्लीचिंग पाउडर जल गया है। घटना की वजह से शहर के कुछ इलाकों में पेयजल सप्लाई का काम बाधित हो गया है, जिसे ठीक करने के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है।

