Bhilai Fire Incident News भिलाई में सोमवार शाम सर्कुलर मार्केट पावर हाउस स्थित एक ड्राई फ्रूट दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की दुकानों को एहतियातन खाली कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे दुकान से धुआं निकलता दिखा, जिसके कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और दमकलकर्मी लगातार मशक्कत करते रहे।
आग लगने से दुकान में रखा ड्राई फ्रूट, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि अभी तक नुकसान का आधिकारिक आंकलन नहीं हो सका है। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सर्कुलर मार्केट में विद्युत वायरिंग की नियमित जांच जरूरी है, क्योंकि शॉर्ट सर्किट की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। फिलहाल दमकल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास जारी है।
Read More : वनरक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख ठगे, युवक ने खुद को वनमंत्री का मीडिया-प्रभारी बताकर ऐंठे पैसे

