मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखा रहे 17 कांग्रेसियों पर FIR, तीन कार्यकर्ताओं को भेजा जेल

मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखा रहे 17 कांग्रेसियों पर FIR, तीन कार्यकर्ताओं को भेजा जेल

MP Shahdol News: शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में रविवार को प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय दौरे पर धनपुरी पहुंचे थे। यहां वाटर पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम स्थल से लगभग 200 मीटर पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके कारण सीएम का काफिला कुछ देर के लिए रुक गया था।

काफिले में तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत वाहनों से उतरे और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे और उन्होंने ‘मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर ने स्वयं मोर्चा संभाला और सख्ती बरतते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाया। घटना का वीडियो सोशल पर सामने आया था।

प्रशासन पहले से था अलर्ट

बताया जा रहा है कि इससे पहले कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अपने लगभग 40 साथियों के साथ बुढार के बीईओ कार्यालय के सामने भी विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। वहां भी काले झंडे दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल के पास फिर से विरोध कर काफिला रोकने का प्रयास किया गया।

17 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज

बुढार पुलिस ने गोपालपुर तिराहे पर रास्ता रोककर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में 17 नामजद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोतवाली में पदस्थ एक एएसआई की शिकायत पर की गई। थाना प्रभारी बुढार विनय सिंह गहरवार ने बताया कि रास्ता रोककर शासकीय कार्य में बाधा डालने पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

पुलिस ने रविवार देर शाम तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इनमें शेख साजिद (26) निवासी सोहागपुर, आशु चौधरी (18) निवासी घरौला मोहल्ला शहडोल और सत्यम प्रजापति (18) निवासी घरौला मोहल्ला शहडोल शामिल हैं।

इन्हें तहसील न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य कार्यकर्ताओं की तलाश जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष बोले- बेवजह कार्रवाई पर विरोध करेंगे

काले झंडे दिखाने के मामले में दर्ज आपराधिक प्रकरण को लेकर जब कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।

यदि वास्तव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है तो यह गलत है। उन्होंने कहा कि विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है और यदि बेवजह कार्रवाई की गई है तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी।


Related Articles