Female Naxalite Killed: कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटेबेठिया क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें महिला नक्सली रूपी रेड्डी ढेर हो गई। रूपी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थी और उसे लगातार सरेंडर के लिए कहा जा रहा था। मौके से उसके पास एक पिस्टल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, तड़के 4 से 5 बजे छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के माचपल्ली जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू की। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ के बाद रूपी का शव बरामद किया गया। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
महिला नक्सली रूपी, स्टेट कमेटी मेंबर विजय रेड्डी की पत्नी थी। विजय रेड्डी पहले हुई मुठभेड़ों में मारा गया था। रूपी सक्रिय कैडर की सदस्य थी और उत्तर बस्तर कांकेर में नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने से रोक रही थी।
नक्सली खात्मे की डेडलाइन (31 मार्च) पर बीजापुर में 25 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। इनसे 14 करोड़ का नक्सली डंप बरामद हुआ था, जिसमें 3 करोड़ कैश और 7 किलो सोना शामिल था। इसके अलावा, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर में कुल 34 नक्सलियों ने हथियार डाले थे। पुलिस दंतेवाड़ा जिले को नक्सल मुक्त घोषित कर चुकी है और सक्रिय नक्सलियों के संपर्क में रहने की कोशिश कर रही है।

