CG Fake Degree Scam Raipur रायपुर में फर्जी डिग्री और नौकरी के नाम पर चल रहे बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने इस मामले में गिरोह की एक महिला सदस्य साक्षी सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने MBBS और BAMS की फर्जी डिग्री बांटने और पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लगभग 2 करोड़ 34 लाख रुपए की ठगी की।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लोगों को पोस्ट ऑफिस के विभिन्न पदों में नौकरी दिलाने का झांसा देता और मेडिकल क्षेत्र की फर्जी डिग्री तैयार कर मोटी रकम वसूलता था। कई पीड़ितों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए गए थे। मामला तब सामने आया जब 17 फरवरी को प्रार्थी संजय निराला ने सिविल लाइन थाने में भुवनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह की अन्य कड़ियों का पता लगाया और दिल्ली से साक्षी सिंह को पकड़कर जेल भेजा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर डी वाई पाटील विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, पुणे के नाम पर फर्जी MBBS और BAMS डिग्री तैयार कर गिरोह को सप्लाई करती थी।
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल जब्त किए हैं, जिनकी जांच जारी है। इस फर्जी डिग्री और नौकरी घोटाले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, और पुलिस अभी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगी है।
Read More : IPL 2026 Full Schedule: IPL के 70 मैचों का शेड्यूल हुआ जारी, नोट कर लीजिए कब-कहां होंगे मुकाबले?

