CG Congress Protest रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी के राजीव गांधी चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुतला दहन से रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी देखने को मिली। हालांकि भारी विरोध और रोकने के प्रयासों के बावजूद कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे और अपना आक्रोश जाहिर किया।
रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि असम सरकार कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने के लिए एफआईआर और छापेमारी जैसी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर भी पुलिस द्वारा रेड की गई है। मेनन ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार के दबाव में आने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।
वहीं कांग्रेस नेता आकाश शर्मा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के नेता पूरी तरह बौखला चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं और इन्हीं मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के आसार नजर आ रहे हैं।

