Durg Police Narcotics Bust : दुर्ग पुलिस ने दो युवकों को प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 1650 नग टेबलेट बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (c) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
24 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:56 बजे पुलिस को सूचना मिली कि भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-01 पंप हाउस के पास दो युवक अवैध नशीले पदार्थ की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1650 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट और वह दोपहिया वाहन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सिंह राजपूत (21) निवासी वार्ड 18, सेक्टर-03 भिलाई और अतुल यादव (20) निवासी वार्ड 6/F, सेक्टर-01 भिलाई के रूप में हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें यह खेप कहां से मिली और किन-किन लोगों तक सप्लाई की जानी थी।
इधर, थाना छावनी पुलिस ने 6.89 ग्राम सिंथेटिक हीरोइन (चिट्टा) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मोटर साइकिल, तीन मोबाइल फोन और 500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 48 हजार 500 रुपए है।
25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बैकुंठ धाम दशहरा मैदान, कैम्प-02 क्षेत्र में कुछ युवक चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में करन सिंह उर्फ टेटू (29) निवासी अटल आवास हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ भिलाई, रविन्द्र सिंह (24) निवासी जवाहर नगर अटल आवास, अयान अली (22) निवासी संग्राम चौक 18 नंबर रोड भिलाई और लक्ष्मण चौधरी (29) निवासी जवाहर नगर बॉम्बे आवास शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

