Durg News: क्रांतिकारी सुखदेव राज की पुण्यतिथि पर अंडा में श्रद्धांजलि, पेंशनर्स महासंघ ने किया नमन

Durg News: क्रांतिकारी सुखदेव राज की पुण्यतिथि पर अंडा में श्रद्धांजलि, पेंशनर्स महासंघ ने किया नमन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, दुर्ग द्वारा क्रांतिकारी सुखदेव राज की 53वीं पुण्यतिथि पर ग्राम अंडा में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महासंघ के अध्यक्ष बी.के. वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि क्रांतिकारी सुखदेव राज ने शहीद चंद्रशेखर आजाद और शहीद भगत सिंह के साथ मिलकर देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आजादी के बाद उन्होंने समाज सेवा को अपना लक्ष्य बनाया और वर्ष 1963 से 1973 तक ग्राम अंडा में आश्रम बनाकर कुष्ठ रोगियों की सेवा की। ग्रामीण उन्हें “स्वामी जी” के नाम से जानते थे। 5 जुलाई 1973 को उनके निधन के बाद ही गांव के लोगों को उनके क्रांतिकारी जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में निभाई गई भूमिका की जानकारी मिली।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष बी.एल. गजपाल, जिला महामंत्री पी.आर. साहू, जिला संगठन मंत्री बी.के. शर्मा, दुर्ग ब्लॉक अध्यक्ष विजय कुमार देशमुख सहित एम.एन. वर्मा, ओ.पी. वर्मा, अधिवक्ता दिनेश वर्मा, जी.एस. चंद्राकर, हेमेंद्र चंद्राकर तथा बड़ी संख्या में महासंघ के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सुखदेव राज के त्याग, बलिदान और समाज सेवा को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


Related Articles