Durg News: वाहन चेकिंग में दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता, 5.189 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 2.80 लाख का माल जब्त

Durg News: वाहन चेकिंग में दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता, 5.189 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 2.80 लाख का माल जब्त

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना नंदिनी नगर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.189 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल समेत 2.80 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को ग्राम मुरमुंदा रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोक लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सन्नी साहू उर्फ माया साहू (27 वर्ष) एवं त्रिलोचन साहू उर्फ जय प्रकाश (30 वर्ष) निवासी ग्राम सरोरा, जिला रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5.189 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MG 0156 भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल 2.80 लाख रुपये का गांजा एवं वाहन जब्त किया गया।

थाना नंदिनी नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे या किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Related Articles