Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) और दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से पटेल चौक में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर और दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।
पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमा-झटकी की स्थिति बनी। हालांकि, वरिष्ठ नेताओं और पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से कार्य करना लोकतंत्र के लिए आवश्यक है, लेकिन वर्तमान में इनका राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने ईडी को केंद्र सरकार का “तोता” बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस प्रकार की प्रतिशोध की राजनीति से डरने वाली नहीं है।
वहीं, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने और प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और राज्य सरकार विपक्ष के खिलाफ जांच एजेंसियों के कथित राजनीतिक इस्तेमाल को नहीं रोकती है, तो कांग्रेस प्रदेशभर में अपना आंदोलन और अधिक तेज करेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

