Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। प्रदेशभर में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत क्षेत्रीय भंडार संभाग, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL), भिलाई-3 में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालन अभियंता सी. आर. चंद्रवंशी ने पौधरोपण कर की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक अभियंता सरफराज खान, सहायक अभियंता पूजा प्रसाद और सहायक अभियंता सोहराब खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन भारती चंद्राकर और एकता चंद्राकर ने किया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

