भिलाई/दुर्ग: दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल का 66वां जन्मदिवस रविवार को सेक्टर-5 स्थित उनके निवास पर हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही समर्थकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का उनके निवास पर तांता लगा रहा। सभी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिवस की शुरुआत सांसद बघेल ने अपने निवास पर गौ माता की पूजा-अर्चना से की। उन्होंने गौ माता को गुड़-चना खिलाकर आशीर्वाद लिया और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल और परिवारजनों के साथ सेक्टर-5 स्थित मंदिरों में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्री सिद्धिविनायक मंदिर, श्री वेंकटेश्वर बालाजी मंदिर, श्री भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर और शिर्डी साईं मंदिर में दर्शन कर जनकल्याण की प्रार्थना की।
अपने जन्मदिन को सेवा और परमार्थ के रूप में मनाते हुए सांसद बघेल सेक्टर-2 स्थित Feel Parmarth Foundation पहुंचे। यहां उन्होंने मानसिक रूप से कमजोर और विशेष बच्चों के साथ समय बिताया तथा उनके साथ सादगीपूर्ण तरीके से जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के बच्चों और कर्मचारियों का हालचाल जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में उनके निवास पर Red Drop Friends Club Chhattisgarh द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी उनके निवास पहुंचे और उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी। वहीं बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सांसद बघेल के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। चरौदा के वरिष्ठ समाजसेवी विश्वनाथ सिन्हा भी अपने साथियों के साथ पहुंचे और पारंपरिक तरीके से मिठाई से तौलकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सांसद विजय बघेल को जन्मदिन की बधाई देने के लिए दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की नौों विधानसभाओं से जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठन, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आमजन उनके निवास पहुंचे। सभी ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
इस मौके पर सांसद विजय बघेल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वे हमेशा क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहेंगे।

