Durg Crime News दुर्ग। सेक्टर-8, 6B स्ट्रीट-8 स्थित एक मकान में बुधवार रात एक नाबालिग ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बीच-बचाव करने आई मां का हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना रात करीब 9:30 से 11:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खेड़ूराम देवांगन (55), जो बीएसपी कर्मचारी हैं, अपने परिवार के साथ घर में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग पीछे के दरवाजे से घर में कूदकर दाखिल हुआ। आरोपी ने नकाब और ग्लव्स पहन रखे थे तथा उसके हाथ में लोहे की रॉड थी। घर में घुसते ही उसने अचानक परिवार पर हमला शुरू कर दिया।
हमले में खेड़ूराम देवांगन के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिन पर करीब 16 टांके लगाए गए हैं। उनकी बड़ी बेटी गरिमा देवांगन (26), जो बीएमएस डॉक्टर हैं, को भी गंभीर चोटें आईं और उन्हें 6 टांके लगे। छोटी बेटी लिपिका देवांगन (23), जो पुणे में निजी कंपनी में कार्यरत हैं, को भी चोटें आईं और 3 टांके लगाए गए।
हमले के दौरान मां उमेश्वरी देवांगन (47) ने बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद घायल खेड़ूराम किसी तरह घर से बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Read More : रायपुर में विश्व रेडियो दिवस 2026 का होगा भव्य आयोजन, रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर होगी विशेष चर्चा

