Durg Accident News: मिनी बस ने बाइक को टक्कर मारी, दो की मौत, भतीजे की बारात में शामिल होकर लौट रहे थे दोनों

Durg Accident News: मिनी बस ने बाइक को टक्कर मारी, दो की मौत, भतीजे की बारात में शामिल होकर लौट रहे थे दोनों

Durg Accident News दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना 24 मार्च 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उस समय हुई जब ग्राम गिरहोला निवासी हरीश चंद्र यादव (48) और भोले यादव (35) अपने भतीजे की बारात से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार मिनी बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

थाना प्रभारी राम नारायण ध्रुव के अनुसार यह हादसा स्वामी आत्मानंद स्कूल और कलश मंदिर के बीच मुख्य मार्ग पर हुआ। दोनों मृतक अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (CG 07 CX 7712) से बरहापुर से धमधा लौट रहे थे, तभी खैरागढ़ की ओर जा रही एक मिनी बस (CG 07 E 0669) ने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की गति अत्यधिक तेज थी, जिसके कारण टक्कर इतनी भीषण हो गई कि बाइक सवार दोनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर धमधा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अपने भतीजे प्रहलाद यादव की बारात में शामिल होने के लिए धमधा आए थे। परिवार में खुशी का माहौल इस हादसे के बाद मातम में बदल गया है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक की तलाश जारी है।

Read More : बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में अलर्ट, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता, पोल्ट्री फार्म और मुर्गी दुकानों पर कड़ी निगरानी


Related Articles