Surajpur Electricity Project रायपुर। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में दशकों से अंधेरे में जीवन बिता रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। तीन ग्रामों के कई मजरा-टोलों में पहली बार नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 3 करोड़ 6 लाख 92 हजार 670 रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। यह पहल महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से संभव हुई है। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की समस्या सामने आने पर उन्होंने ऊर्जा विभाग और राज्य स्तर पर पहल करते हुए विद्युतीकरण प्रस्ताव को आगे बढ़ाया।
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मसंकी, बांक और असुरा के कई टोले अब तक मुख्य विद्युत लाइन से कटे हुए थे। रात में ग्रामीण ढिबरी और सीमित सोलर लाइट के सहारे जीवन यापन करने को विवश थे। बच्चों की पढ़ाई और किसानों के कार्य प्रभावित हो रहे थे।
‘मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना’ के तहत स्वीकृत राशि से ग्राम मसंकी के लुकभुकिया और पतेरीपारा, ग्राम बांक के खासपारा और स्कूलपारा तथा ग्राम असुरा के खासपारा, पंडोपारा और असुरा-1 में विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा। वन भूमि क्षेत्र होने के कारण अनुमति एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया गया है और जल्द ही जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ होगा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश का कोई भी घर अंधेरे में न रहे। विद्युत सुविधा से शिक्षा, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा वनांचल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।

