Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के भेण्डरी गांव में घर में घुसकर चोरी और महिला पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारदात को अंजाम देने वाला नकाबपोश बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए रेनकोट और चेहरे पर नकाब पहन रखा था। वह घर में घुसा और महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वह चोरी की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। घायल महिला का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।

