Korba Municipal Development Projects रायपुर। कोरबा नगर निगम के बालको जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 47 एवं 39 को शनिवार को 02 करोड़ 17 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। इन विकास कार्यों में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण, विभिन्न वार्डों में आठ आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, सड़क, नाली एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत ने इन कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 47 के शिवनगर बिरसामुंडा मोहल्ला में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही शिवनगर बिरसामुंडा बस्ती में 30 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य किया गया। बालको जोन के विभिन्न क्षेत्रों में 01 करोड़ 04 लाख रुपये की लागत से आठ आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं वार्ड क्रमांक 39 में रिंग रोड से रोहित घर तक तथा रिंकी घर से विबल साहू घर तक 41 लाख 66 हजार रुपये की लागत से ओपीवीसी पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 47 के पॉलिटेक्निक कॉलेज बस्ती क्षेत्र में 16 लाख 48 हजार रुपये की लागत से ओपीवीसी पाइपलाइन विस्तार का कार्य भी शामिल है।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वार्डवासियों एवं आमजन की मांग और आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान शिवनगर बिरसामुंडा मोहल्ले के नागरिकों एवं शिव फाउंडेशन द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण की मांग रखी गई थी, जिसे पूरा करते हुए आज यह भवन जनता को समर्पित किया गया है। इससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
मंत्री देवांगन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के सहयोग से विकास प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति मिल रही है, जिससे कोरबा में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। महापौर ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा और नगर विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में पार्षद नरेन्द्र देवांगन, सत्येन्द्र दुबे, सीमा बाई कंवर, चंदा देवी, मुकुंद सिंह कंवर, जनक सिंह राजपूत, मनोज लहरे, प्रफुल्ल तिवारी, तुलसी ठाकुर, नारायण सिंह ठाकुर, ईश्वर साहू, हेतराम चंद्रा, किशोर साहू, भूपेन्द्र साहू, धनबाई निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि रविवार 08 फरवरी को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत द्वारा टीपी नगर जोन एवं कोरबा जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 09 में पेयजल व्यवस्था से जुड़े लगभग 87.50 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम टीपी नगर स्थित टैगोर उद्यान में दोपहर 03 बजे से आयोजित किया जाएगा।
Read More : स्टार्टअप और ग्लोबल करियर पर फोकस, ICFAI यूनिवर्सिटी रायपुर ने जारी किया नया प्रवेश प्रॉस्पेक्टस

