प्रतिबंध के बावजूद रायपुर में धड़ल्ले से बिक रहा चायनीज मांझा, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने प्रशासन और नगर निगम पर लगाए गंभीर आरोप

प्रतिबंध के बावजूद रायपुर में धड़ल्ले से बिक रहा चायनीज मांझा, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने प्रशासन और नगर निगम पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर | रायपुर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने चायनीज मांझे की अवैध बिक्री को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में प्रतिबंधित चायनीज मांझे की खुलेआम बिक्री के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पत्रकार वार्ता में आकाश तिवारी ने कहा कि चायनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद शहर की दुकानों में धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। इस खतरनाक मांझे के कारण राह चलते लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन और निगम प्रशासन की निष्क्रियता समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वर्षों से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, फिर भी केवल औपचारिक जब्ती कर मामले को रफा-दफा किया जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि जिन दुकानों से चायनीज मांझा जब्त किया जाता है, उनसे यह पूछताछ क्यों नहीं की जाती कि उन्हें यह मांझा कौन सप्लाई कर रहा है। सप्लायरों के नाम सार्वजनिक न किए जाना प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चायनीज मांझे की सप्लाई चेन तोड़ने में जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं और इसके पीछे किसी प्रकार की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता।

आकाश तिवारी ने चायनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने हाल ही में चायनीज मांझे से घायल हुई बहन नेहा यादव और संकल्प द्विवेदी को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री, जिला प्रभारी मंत्री, रायपुर कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को पत्र प्रेषित करने की जानकारी दी।


Related Articles