Dekho Apna Desh Campaign News रायपुर। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की पहल ‘देखो अपना देश’ के तहत इंडिया टूरिज्म, मुंबई के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, रायपुर (एसआईएचएम) के सहयोग से ब्रोशर निर्माण प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण समारोह एवं पर्यटन शिक्षा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में भारत के विविध पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से उन्हें परिचित कराना था।
मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू तथा पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक मोहम्मद फारूक शामिल हुए। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की डीजीएम पूनम शर्मा, आईएचएम रायपुर के वरिष्ठ लेखा अधिकारी समीर मिश्रा तथा संस्थान के प्राचार्य विवेक आचार्य के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समारोह में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को नकद पुरस्कार, पदक, किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यभर से लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी की। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दुधली के छात्रों ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया और राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर एसईसीएल तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर कवर्धा ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरुद और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय धमतरी ने तृतीय पुरस्कार अर्जित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग में उपलब्ध विविध करियर अवसरों पर विशेष प्रस्तुति दी गई। छात्रों और शिक्षकों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा प्रतिभागियों को एसआईएचएम रायपुर परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान रिसेप्शन प्रबंधन, खाद्य एवं बेकरी निर्माण, फ्रूट एवं वेजिटेबल कार्विंग, फ्लावर डेकोरेशन, टॉवेल आर्ट और मॉकटेल निर्माण जैसी व्यावहारिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को आतिथ्य उद्योग की बारीकियों को समझने का अवसर मिला।
‘देखो अपना देश’ पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में भारत की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के प्रति रुचि और गर्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2020 में प्रारंभ यह राष्ट्रीय अभियान नागरिकों को देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए प्रेरित करता है, साथ ही पर्यटन उद्योग को नई ऊर्जा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Read More : रायपुर में डीपीएस स्कूल के पास धान से भरा ट्रक कार पर पलटा, चार लोगों की दर्दनाक मौत

