सुसाइड या मर्डर? घर के अंदर मिली चार लोगों की लाश, व्यापारी के परिवार की मौत पर रहस्य

सुसाइड या मर्डर? घर के अंदर मिली चार लोगों की लाश, व्यापारी के परिवार की मौत पर रहस्य

कर्नाटक के मैसूरु में एक घर में सोमवार को एक परिवार के चार लोग मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना शहर के विश्वेश्वरैया नगर में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान चेतन (45), उनकी पत्नी रूपाली (43), उनके बेटे कुशाल (15) और चेतन की मां प्रियंवदा (62) के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि संदेह है कि चेतन ने अपने परिवार के सदस्यों को जहर दिया और फिर खुद फांसी लगा ली। हालांकि, उनकी मौत के सही कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक चेतन मूलरूप से हासन जिले के गोरुर गांव के रहने वाले थे। वह दुबई में इंजीनियर थे और 2019 में मैसूर लौट आए थे। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक वापस आने के बाद चेतन ने एक जॉब कंसल्टेंसी शुरू की। इसमें ग्रेजुएट्स को दुबई की फर्म में नौकरी दिलाई जाती थी। बताया जाता है कि रविवार को चेतन अपने परिवार को गोरुर मंदिर घुमाने लेकर गए थे। अपने अपार्टमेंट लौटने से पहले सभी ने चेतन की ससुराल में खाना खाया था।

ऐसी है आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऐसी आशंका है कि चेतन ने परिजनों को जहर देकर जान दी है। हालांकि घर में जहर का कोई अंश नहीं मिला है। फिलहाल फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत की सही वजह पता चल सके। जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन ने घटना से पहले अमेरिका में रह रहे अपने साले को फोन किया था। साले ने मैसूर में चेतन के माता-पिता को वहां के हालात के बारे में जानकारी दी।

पड़ोसियों ने बताया कि यह परिवार करीब एक दशक से इस अपार्टमेंट में रह रहा था। यह लोग सामान्य जिंदगी जी रहे थे और हालिया समय में भी किसी तरह की तकलीफ या परेशानी नहीं दिखी थी। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। सभी को लग रहा था कि इस परिवार में सभी लोग सामान्य जीवन जी रहे थे।


Related Articles