Damoh Accident News: दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह से 11 किलोमीटर दूर सागर हाईवे पर आज शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, सागर की तरफ से आ रहे एक ट्रक और सामने से आ रही बोलेरो जीप (एमपी 34 सीए 3825) की आमने-सामने टक्कर हुई।
जीप चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन ट्रक से टकराकर सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी। उसी समय बाइक पर सवार दो लोग आ रहे थे, जो दोनों पहले जीप और फिर ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्ति, सूरज और जीवन अहिरवार, ग्राम बांसा के सगे भाई बताए गए। वे घर में किसी शादी समारोह की खरीदारी करने दमोह आ रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। जीप में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान मगरोन निवासी राजू चौधरी और धर्मेंद्र पुत्र राघवेंद्र सरवैया के रूप में की गई। जीप का चालक स्टेरिंग और सीट के बीच फंस गया था, जिसे निकालने के लिए पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बाइक सवार दोनों भाई हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे गिरने पर उनके सिर फट गए और शरीर में अन्य चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के समय ट्रक और जीप दोनों ही तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रहे थे और सड़क संकरी होने के कारण हादसा हुआ।
कलेक्टर ने हर संभव सहायता प्रदान करने का दिया भरोसा
जिला प्रशासन और पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिया है। प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में युद्धस्तर पर जुटी हुई है।

