Gujarat Crime News : गुजरात में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बड़ी बहन ने पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए छोटी बहन का इंश्योरेंस करवाया। वह खुद नॉमिनी बनी और पहला प्रीमियम भी जमा करवाया। उसके बाद इंश्योरेंस के पैसे हड़पने के लिए अपने प्रेमी के हाथों छोटी बहन को मरवा डाला। पुलिस ने बड़ी बहन और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के वडोदरा में 36 साल की अजीज दीवान की हत्या की जांच में पता चला है कि उसकी बड़ी बहन ने ही उसे मरवा डाला। बड़ी बहन ने कथित तौर पर जीवन बीमा पॉलिसी के 40 लाख रुपए लेने के लिए साजिश रची और हत्या को अंजाम देने के लिए अपने प्रेमी को इसमें शामिल किया।
शुक्रवार को वडोदरा ग्रामीण पुलिस ने मृतका की बड़ी बहन फिरोजा दीवान और उसके प्रेमी रमीज शेख को गिरफ्तार कर लिया है। अजीजा का शव तीन दिन पहले अंकोडिया गांव में मिला था। पोस्टमार्टम से पता चला कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई थी। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। अजीजा मंगलवार रात करीब 8 बजे गोरवा स्थित अपने पिता के घर से निकली थी।
वडोदरा ग्रामीण के एसपी सुशील अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के एक हिस्से में एक आदमी अजीजा को उसके घर से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देता हुआ दिखाई दिया। हमने किसी तरह उसका चेहरा पहचान लिया और पीड़िता के परिवार को दिखाया। पता चला कि वह शेख था। पुलिस ने शेख का पता लगाया और उससे पूछताछ की। उसने अजीजा की दुपट्टे से हत्या करने की बात कबूल कर ली।
फूड डिलीवरी का काम करने वाले शेख ने पुलिस को बताया कि उसका पीड़िता की बहन फिरोजा के साथ प्रेम संबंध था, जिसे पैसों की जरूरत थी। अजीजा का अपने पति से कुछ विवाद चल रहा था। वह पिछले छह महीनों से अपने पिता के साथ रह रही थी।
फिरोजा अपने पति के साथ उसी घर में रहती थी। अग्रवाल ने बताया कि फिरोजा ने अजीजा के जीवन पर 40 लाख रुपए का बीमा कराया, जिसमें खुद को नॉमिनी बनाया। 28 नवंबर को पहली प्रीमियम राशि का भुगतान किया। उसने शेख को अजीजा की हत्या करने के लिए राजी किया और उसे 7 लाख रुपए देने का वादा किया। मंगलवार को फिरोजा ने अजीजा को अपने लिए श्रम कार्ड बनवाने के लिए मना लिया ताकि वह कुछ सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सके।
इसके बाद फिरोजा ने अजीजा को शेख के साथ चलने को कहा जो उसे श्रम कार्ड दिलवाने में मदद करने वाला था। शेख पहले अजीजा को अपनी मोटरसाइकिल पर पाद्रा ले गया। फिर अंकोदिया के एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसके दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
Read More : चरित्र शंका में पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से किया हमला, बुरी तरह जख्मी, अस्पताल में भर्ती

