दुर्ग में सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, धान खरीदी सुचारु रखने के लिए फैसला, FIR रद्द करने की मांग

दुर्ग में सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, धान खरीदी सुचारु रखने के लिए फैसला, FIR रद्द करने की मांग

दुर्ग जिले में सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। यह हड़ताल 3 नवंबर से जारी थी। हड़ताल के कारण जिले में धान खरीदी प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हो रही थी, जबकि जिले में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है।

कर्मचारी संघों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया था। कलेक्टर दुर्ग, डीआरसीएस, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ हिर्देश शर्मा और सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक दिलीप देशमुख की उपस्थिति में कर्मचारियों ने कृषक और जनहित को प्राथमिकता देते हुए हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।

21 नवंबर से कार्य पर वापसी

कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर कहा कि सभी कर्मचारी 21 नवंबर 2025 से नियमित रूप से कार्य पर लौटेंगे और वे पूरी निष्ठा से अपने कार्यों का निर्वहन करेंगे। साथ ही, उन्होंने मांग रखी कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर लगाए गए एस्मा के तहत एफआईआर, निलंबन, बर्खास्तगी और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों को रद्द किया जाए।

ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई कर्मचारी कार्य पर नहीं लौटता है, तो उसे संबंधित कर्मचारी संघों से पृथक माना जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह व्यक्तिगत होगी। इस निर्णय की जानकारी जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

सहकारी कर्मचारी संघ ने कहा है कि प्रशासन यदि हड़ताल अवधि में कर्मचारियों पर की गई कार्रवाइयों जैसे एस्मा के तहत एफआईआर, निलंबन, बर्खास्तगी और अन्य दंडात्मक आदेश को निरस्त कर देता है, तो इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे धान खरीदी संचालन को और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।

Read More : पहली भारतीय चीता मुखी ने 5 शावकों को दिया जन्म, प्रोजेक्ट चीता को बड़ी सफलता


Related Articles