मनवा कुर्मी समाज के महाअधिवेशन में फिजूल खर्ची रोकने पर दिया गया‌ जोर, राज प्रधान ने सामूहिक आदर्श विवाह के लिए किया प्रेरित

मनवा कुर्मी समाज के महाअधिवेशन में फिजूल खर्ची रोकने पर दिया गया‌ जोर,  राज प्रधान ने सामूहिक आदर्श विवाह के लिए किया प्रेरित

पलारी। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज, पलारी राज की आवश्यक बैठक सामाजिक भवन पलारी में राजप्रधान रामखिलावन वर्मा की अध्यक्षता में तथा समाज के स्वजातीयों की सहभागिता से संपन्न हुई। बैठक में समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, सामाजिक सुधार और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए राजप्रधान रामखिलावन वर्मा ने कहा कि समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और इसका संचालन लिखित संविधान के अनुसार होता है। समाज के पदाधिकारियों का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाज में डॉ. खूबचंद बघेल, सरदार वल्लभभाई पटेल, स्वामी आत्मानंद महाराज और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसी महान विभूतियों ने जन्म लिया है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने समाज हित में प्रत्येक ग्राम इकाई से अनिवार्य चंदा जमा करने की अपील की तथा बलौदाबाजार राज अंतर्गत ग्राम चापा में 21 व 22 फरवरी को आयोजित होने वाले वार्षिक महाअधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
रामखिलावन वर्मा ने युवाओं से अपील की कि वे महाअधिवेशन में सामूहिक आदर्श विवाह के माध्यम से विवाह संपन्न करें, जिससे फिजूलखर्ची बचाकर उस राशि का उपयोग स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए किया जा सके। उन्होंने बताया कि पलारी राज की ओर से महाअधिवेशन में आदर्श विवाह करने वाले वर-वधू को 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने 24 जनवरी 2026 को धरसीवां राज में आयोजित होने वाले युवक-युवती परिचय सम्मेलन में युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।

बैठक में संरक्षक रघुनंदन वर्मा ने कहा कि समाज के संविधान में परिवर्तन के समय समर्थन और विरोध दोनों होते हैं, लेकिन सभी को समाज हित में कार्य करना चाहिए। संरक्षक तेजराम वर्मा ने कहा कि समाज की स्थापना वर्ष 1904 में हुई थी और हमारे पूर्वजों ने समाज के चहुंमुखी विकास के लिए आजीवन कार्य किया। उन्होंने समाजजनों से नशापान से दूर रहने की अपील की।

केंद्रीय विशेष आमंत्रित सदस्य खिलेंद्र वर्मा ने कहा कि समाज विरोधी गतिविधियों में संलग्न व्यक्तियों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सोशल मीडिया समूहों से बाहर किया जाना चाहिए।

बैठक में केंद्रीय सदस्य बुधराम वर्मा, ओमप्रकाश चंद्रवंशी, पंचराम वर्मा, धनश्याम वर्मा सहित राज पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अंत में वार्षिक राज अधिवेशन संडी मुड़कर के सफल आयोजन के लिए ग्राम इकाई संडी मुड़कर एवं पलारी राज के स्वजातीयों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।


Related Articles