CG Govt Calendar 2026:छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का औपचारिक विमोचन किया। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को “महतारी गौरव वर्ष” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है और इसी भावना को केंद्र में रखकर इस कैलेंडर का निर्माण किया गया है। कैलेंडर न केवल मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देता है, बल्कि सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के दीर्घकालिक विजन को भी दर्शाता है।
शासकीय कैलेंडर पर छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख शक्तिपीठ

शासकीय कैलेंडर के मुख्य पृष्ठ पर छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख शक्तिपीठ मां बमलेश्वरी (डोंगरगढ़), मां महामाया (रतनपुर), मां दंतेश्वरी (दंतेवाड़ा), मां चंद्रहासिनी (चंद्रपुर) और मां कुदरगढ़ी (सूरजपुर) को विशेष स्थान दिया गया है। इसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के छायाचित्र भी अंकित हैं। पृष्ठभूमि में सिरपुर और राजिम के मंदिर, आदिवासी संस्कृति के प्रतीक, मधेश्वर पहाड़ और चित्रकोट जलप्रपात के ग्राफिकल चित्र छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और प्राकृतिक समृद्धि को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं।
‘महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित’
कैलेंडर विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री साय (CM Sai) ने कहा कि राज्य सरकार के लिए मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकता है। “महतारी गौरव वर्ष महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित है। यह शासकीय कैलेंडर महिला केंद्रित योजनाओं, जनकल्याणकारी प्रयासों और हमारी उपलब्धियों का प्रतीक है, जो आने वाले समय में सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा तय करेगा,” उन्होंने कहा।
प्रत्येक माह को प्रमुख योजनाओं से जोड़ा गया
कैलेंडर के प्रत्येक माह को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और सामाजिक अभियानों से जोड़ा गया है। जनवरी में शक्तिपीठों के दर्शन, फरवरी में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, मार्च में महतारी वंदन योजना और अप्रैल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को दर्शाया गया है। मई माह में तेंदूपत्ता संग्रहण और चरण पादुका योजना, जून में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और जुलाई में महिला मुखिया के नाम से पीडीएस राशनकार्ड व्यवस्था को प्रमुखता दी गई है।
इसके अलावा अगस्त में रक्षाबंधन उत्सव, सितंबर में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, अक्टूबर में शौर्य का सम्मान, नवंबर में “सेवा ही संकल्प” और दिसंबर माह को महिला सशक्तिकरण के प्रतीक स्वरूप प्रस्तुत किया गया है। यह कैलेंडर पूरे वर्ष राज्य की नीतियों, सामाजिक सरोकारों और विकास कार्यों की निरंतर झलक देगा।
शासकीय कैलेंडर 2026 के विमोचन अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, जनसंपर्क सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत और आयुक्त जनसंपर्क रवि मित्तल भी उपस्थित रहे।
Read More : पपीते के बीज के फायदे कर सकते हैं आपको हैरान, जानें क्या है सेवन का सही तरीका

