CM Sai Review Meeting रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालातों के मद्देनज़र आज राजधानी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की स्थिति की व्यापक समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, गैस और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। आमजन 1800-233-3663 नंबर पर कॉल कर सत्यापित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे और एयरपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों ने जानकारी दी कि गैस सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग सामान्य रूप से हो रही है, उज्ज्वला कनेक्शन के लिए 45 दिन और सामान्य गैस कनेक्शन के लिए 25 दिन का समय निर्धारित है। पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन में किसी प्रकार की बाधा नहीं है और पूरे प्रदेश में स्थिति सामान्य है।
मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां उपभोक्ता घरेलू गैस आपूर्ति से संबंधित समस्याओं या कालाबाजारी की सूचना दे सकते हैं। बैठक में निर्देश दिए गए कि सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्टों की सतत निगरानी रखी जाए और भ्रामक खबरों से आमजन में भय उत्पन्न न होने पाए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेशभर में 335 स्थलों पर छापेमारी की गई, 3841 गैस सिलेंडरों को जब्त किया गया और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती चेक पोस्टों पर सतर्कता बढ़ाने और पेट्रोल-डीजल वाहनों की आवाजाही की निगरानी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सभी संभागायुक्त, आईजी और जिला कलेक्टरों के साथ मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, पुलिस महानिदेशक, ऊर्जा और खाद्य विभाग के सचिव तथा पेट्रोल, डीजल और गैस डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Read More : दुर्ग में गेहूं की फसल में लगी भीषण आग, 500 एकड़ की फसल जलकर राख, प्रभावित किसानों ने की मदद की मांग

