वंदे मातरम विवाद पर सीएम साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- भारत माता का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा

वंदे मातरम विवाद पर सीएम साय का कांग्रेस पर हमला, बोले- भारत माता का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा

CG News: रायपुर। केरल में वंदे मातरम के कथित अपमान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता उन लोगों और दलों को कभी स्वीकार नहीं करेगी, जो वंदे मातरम और भारत माता का अपमान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें “भारत माता की जय” बोलने में परेशानी होती है, उनका क्या हश्र हो रहा है, यह पूरा देश देख रहा है।

केरल में वंदे मातरम को लेकर शुरू हुआ विवाद

दरअसल, केरल विधानसभा सत्र के दौरान पुलिस बैंड द्वारा वंदे मातरम का केवल शुरुआती हिस्सा बजाया गया। बताया जा रहा है कि लोक भवन की ओर से पूर्वाभ्यास में पूरा राष्ट्रगीत बजाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन राज्य सरकार ने पुरानी परंपरा का हवाला देते हुए केवल शुरुआती भाग ही बजाने का निर्णय लिया। इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है।

मीसाबंदियों की पेंशन पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीसाबंदियों की पेंशन को लेकर कांग्रेस के बयान पर भी पलटवार किया। कांग्रेस ने कहा था कि मीसाबंदियों को दी जाने वाली पेंशन भाजपा को अपने पार्टी फंड से देनी चाहिए।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जो कांग्रेस आज संविधान बचाने की बातें करती है, उसी ने वर्ष 1975 में देश पर आपातकाल (इमरजेंसी) थोपकर संविधान की मूल भावना को कुचलने का काम किया था। उन्होंने कहा कि उस समय गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया था और हजारों परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मीसाबंदियों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया था और उनकी सम्मानजनक पेंशन पूरी तरह उचित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

राष्ट्रीय आम महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसमें देशभर की 250 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने परिवार के साथ इस अनूठी प्रदर्शनी का अवलोकन करें और देशभर की दुर्लभ एवं विशेष आम प्रजातियों की जानकारी प्राप्त करें।


Related Articles