Chitrakoot Mahotsav-2026: रायपुर। एशिया के नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर 18 फरवरी से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन 18 फरवरी को शाम 4 बजे चित्रकोट जलप्रपात ग्राउंड में होगा।
इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप होंगे, जबकि अध्यक्षता बस्तर सांसद महेश कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
संस्कृति, कला और खेल का संगम
महोत्सव में बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहेंगी।
चित्रकोट जलप्रपात के प्राकृतिक और मनोहारी वातावरण में आयोजित यह उत्सव पर्यटकों को बस्तर की जनजातीय परंपराओं, लोकनृत्य, गीत-संगीत और हस्तशिल्प से रूबरू कराएगा। आयोजन समिति ने नागरिकों और पर्यटकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

