CG News: समोदा में विकास महापर्व कल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आरंग विधानसभा को देंगे ₹112 करोड़ से अधिक के 96 विकास कार्यों की सौगात

CG News: समोदा में विकास महापर्व कल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आरंग विधानसभा को देंगे ₹112 करोड़ से अधिक के 96 विकास कार्यों की सौगात

Chhattisgarh News: रायपुर। आरंग विधानसभा क्षेत्र के लिए गुरुवार 9 जुलाई का दिन विकास के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नगर पंचायत समोदा में आयोजित विधानसभा स्तरीय भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह में शामिल होकर ₹112 करोड़ से अधिक की लागत वाले 96 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें ₹21.67 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा ₹90.34 करोड़ की लागत वाले 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

पूर्व में यह कार्यक्रम 6 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था। अब कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समोदा सहित पूरे आरंग विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।

कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने लोक निर्माण, पुलिस, नगरीय प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बैठक व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आरंग विधानसभा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

लोकार्पण किए जाने वाले 67 विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग के ₹9.43 करोड़ के 3 कार्य, नगर पंचायत समोदा के ₹6.67 करोड़ के 20 कार्य, नगर पालिका आरंग के ₹4.78 करोड़ के 39 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के ₹79 लाख के 5 कार्य शामिल हैं।

वहीं, भूमिपूजन किए जाने वाले 29 विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग के ₹61.11 करोड़ के 8 कार्य, नवा रायपुर के सेक्टर-17 कोटराभाठा में ₹18 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों के आधुनिक अस्पताल का निर्माण, नगर पंचायत समोदा के ₹8.70 करोड़ के 9 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ₹2.54 करोड़ के 11 कार्य शामिल हैं।

समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव करेंगे। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वीकृत ये विकास कार्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर समोदा में विशाल पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि यह आयोजन आरंग विधानसभा के विकास को नई गति देने वाला साबित होगा।


Related Articles