CG First Demonstration Housing Project बिलासपुर/रतनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक नगर रतनपुर को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू की पहल और प्रयासों से रतनपुर में आधुनिक तकनीक आधारित डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (डीएचपी) को स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा 13.12 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
नई दिल्ली में आयोजित सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी (सीएसएमसी) की बैठक में टेक्नोलॉजी एंड इनोवेटिव सब-मिशन (टीआईएसएम) के अंतर्गत इस परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई। यह छत्तीसगढ़ का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट होगा, जिसमें आधुनिक और उन्नत निर्माण तकनीकों का उपयोग करते हुए आवास निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना प्रदेश में किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित की जाएगी।
स्वीकृत परियोजना के तहत जी+2 मॉडल पर आधुनिक आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक आवासीय इकाई का कार्पेट एरिया 28.57 वर्गमीटर तथा प्लिंथ एरिया 42.79 वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। इस परियोजना को सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए रेंटल मॉडल पर संचालित किया जाएगा।
परियोजना में डाइनिंग रूम और किचन, कार्यालय कक्ष, गतिविधि कक्ष, मेडिकल रूम, केयरटेकर कक्ष, लॉन्ड्री रूम सहित कई आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही एक सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) बिल्डिंग मटेरियल्स एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन काउंसिल (बीएमटीपीसी) द्वारा तैयार किया गया है, जिसे डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट 2018 के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाया गया है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने इस स्वीकृति पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रतनपुर में स्वीकृत यह परियोजना आधुनिक निर्माण तकनीकों का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी, जिससे प्रदेश में किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन के राज्य बजट में शक्तिपीठ क्षेत्र के विकास के लिए राशि देने की घोषणा की गई है और रतनपुर के दो तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया गया है। स्थानीय नागरिकों ने इन विकास कार्यों के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे रतनपुर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
Read More : नारायणपुर के जटवर गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, 107 ग्रामीणों का इलाज, मलेरिया जांच में 15 पॉजिटिव

