Chhattisgarh Budget 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसकी जानकारी वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है और अगले दिन 24 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। ज्ञान-गति के बाद इस बार भी नए थीम के साथ बजट पेश किया जाएगा।
बता दें कि यह बीजेपी सरकार का तीसरा बजट है। इसे लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि पहले बजट में वित्त मंत्री ने खूब ज्ञान दिया। दूसरे बजट में उन्होंने गति दी। ज्ञान और गति के बाद जो प्रदेश को मिला है वह केवल दुर्गति है।
इतने सालों में शराब कोचियों को गति मिली, जल जंगल जमीनी काटने में गति मिली, निर्दोष लोगों पर पुलिसिया अत्याचार में गति मिली, पूरे प्रदेश भर में हिंसा और मॉब लिंचिंग बढ़ाने में गति मिली। प्रदेश भर में नशे के कारोबार को बढ़ाने में गतिविधि मिली। MLA ने मोदी के वादे पूरी करने की बात कही।
वित्त मंत्री बोले- बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि इस बार का बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसमें सभी वर्गों को ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि बजट के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति मिले और जनहितकारी योजनाओं को और मजबूत किया जाए।
बता दें कि, बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा जो 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें होंगी। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की शुरुआत होगी।
राज्यपाल अपने संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगे की योजनाओं की जानकारी देंगे। बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का विवरण सदन में पेश करेगी। इसके साथ ही विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और सरकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट पर फोकस
बताया जा रहा है कि बजट 2026-27 में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर फोकस किया जाएगा। छोटे और मंझोले शहरों में खेल मैदान और यातायात के लिए रिंग रोड बनाने के प्रावधान आ सकते हैं। इसके अलावा नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा लगाई जाएगी।
मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण
इसी तरह नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर की स्थापना की जाएगी। दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। वहीं दुर्ग के पहली बटालियन में बनाए गए इंडोर स्टेडियम के साथ ही अन्य कामों को पूरा करने के लिए एक करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। जबकि सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए बजट में प्रावधान किया जाएगा।
नगर पंचायतों और पालिका क्षेत्रों में बनेंगे रिंग रोड
इस बार के बजट की सबसे खास बात यह होगी कि सभी विभागों की गैर जरूरी योजनाओं की राशि में कटौती की जाएगी। इसी तरह प्रदेश के सभी बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रिंग रोड बनाने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए लगभग सौ करोड़ रुपए का प्रावधान करने की तैयारी है। इसी तरह छूटे हुए जिलों में नालंदा लाइब्रेरी बनाने के लिए पैसे दिए जाएंगे। पीएम सूर्यघर योजना के साथ ही आयुष्मान योजना के लिए लगभग दो हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा।

